Barabanki News: जंगली जानवर ने बकरी और वनरोज को बनाया निवाला, गांव में दहशत का माहौल
Barabanki News: बाराबंकी के शरीफाबाद जंगल के आसपास एक बकरी का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। तेंदुए के पगचिन्हों की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जंगल में पहले भी तेंदुए की sightings हो चुकी हैं।

Barabanki News: सुबेहा,बाराबंकी,संवाददाता। बाराबंकी के शरीफाबाद जंगल के आसपास वनरोज और गांव में एक बकरी का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में तेंदुआ आने की दहशत फैल गई है। लोगों ने संदिग्ध जानवर के पगचिन्हों का वीडियो बनाकर वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही बारिश हो जाने से पगचिन्ह मिट गए और उनकी जांच नहीं हो पाई। वन विभाग की टीम ने आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। सुबेहा थाना क्षेत्र का शरीफाबाद गांव गोमती नदी की तलहटी पर बसा हुआ है, जिसके चलते यहां घना जंगल फैला हुआ है। इस जंगल में पहले भी कई बार तेंदुआ देखा जा चुका है।
तेंदुआ का हमला
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार देर शाम तेंदुआ शरीफाबाद के भुजियामऊ गांव तक पहुंच गया और गांव निवासी रामकुमार की बकरी पर हमला बोलकर उसे अपना निवाला बना लिया। बकरी के अवशेष कुछ दूरी पर झाड़ियों में मिले। इसके अलावा जंगल के बाहर एक वनरोज का शव भी क्षत-विक्षत हालत में पाया गया।
महिलाएँ और तेंदुआ
शनिवार सुबह जब कुछ महिलाएं जंगल की ओर जा रही थीं, तो रास्ते में स्थित झाड़ियों में उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही महिलाएं डर के मारे अपने-अपने घरों की ओर भाग खड़ी हुईं। इसके कुछ देर बाद जंगल से कई कुत्ते तेजी से भागते हुए गांव की ओर आते दिखे। बाद में ग्रामीणों को जंगल में एक घायल कुत्ता भी पड़ा मिला। इन घटनाओं से सहमे ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग का जवाब
वनदरोगा अनुज सिंह ने बताया कि विभाग की टीम संभावित स्थानों पर पहुंचकर कॉम्बिंग अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर फिलहाल तेंदुए की पुष्टि नहीं की जा सकती। टीम पगचिन्हों की जांच के लिए मौके पर पहुंची थी, लेकिन बारिश के कारण पगचिन्ह पहले ही मिट चुके थे। एहतियात के तौर पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


