Barabanki News: मंत्रोचारण के साथ हुई शिव मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
Barabanki News: फतेहपुर में नगर कोतवाली परिसर में शिव पंचायतन प्राण प्रतिष्ठा विधान का आयोजन हुआ। एसपी अर्पित विजयवर्गीय पूजा में शामिल हुए। प्रतिष्ठाचार्य ने विधिविधान से शिव परिवार की स्थापना की और हवन-पूर्णाहुति का कार्यक्रम सम्पन्न कराया। शिव आराधना के बाद भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Barabanki News: फतेहपुर। नगर कोतवाली परिसर में शिव पंचायतन प्राण प्रतिष्ठा विधान के अंतिम दिन मंत्रोच्चारण व अनुष्ठानों के बीच श्री शिव परिवार की विधिविधान से स्थापना की गई। एसपी अर्पित विजयवर्गीय भी पूजा अर्चना में शामिल हुए। प्रतिष्ठाचार्य पं0 अखिलेश चंद्र शास्त्री ने आवाहित देवताओं का पूजन, प्राण प्रतिष्ठा स्थापना विधान, हवन तथा पूर्णाहुति का कार्यक्रम संपन्न कराया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर में मंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आचार्यों ने विधिवत पूजन के बाद शिव परिवार की प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा कर उन्हें मंदिर में स्थापित कराया। कार्यक्रम में पहुंचे एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने भी शिव आराधना व अभिषेक कर क्षेत्र में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।
एसपी ने प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के बाद कोतवाली परिसर में नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन भी किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की। पूजा-अर्चना और हवन-पूर्णाहुति के बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मन्दिर में दर्शन पूजन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। हर-हर महादेव व बम भोले के जयकारों से परिसर गूंजता रहा। एसडीएम कार्तिकेय सिंह, सीओ जगत राम कनौजिया, कोतवाल अमित प्रताप सिंह, अमित भदौरिया, चेयरमैन इरशाद अहमद कमर, शिक्षाविद अजय चौधरी, रजत मिश्र समेत अनेक संभ्रांत नागरिक मौजूद थे।


