बौद्धिक और चरित्र निर्माण की प्रयोगशाला है संघ की शाखा: गंगा सिंह

Mar 01, 2026 05:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बाराबंकी
share Share
Follow Us on

Barabanki News - बाराबंकी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने जीआईसी ग्राउंड पर शाखा संगम कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में 24 बस्तियों की शाखाओं के स्वयंसेवक एकत्रित हुए। आरएसएस के गंगा सिंह ने कहा कि शाखा व्यक्ति के बौद्धिक विकास का माध्यम है और इसमें भाग लेने से लोग मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं।

बौद्धिक और चरित्र निर्माण की प्रयोगशाला है संघ की शाखा: गंगा सिंह

बाराबंकी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा स्थानीय जीआईसी ग्राउंड पर रविवार को शाखा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नगर में जगह - जगह लगने वाली सभी 24 बस्तियों की शाखाओं को एक साथ लगाने का अभिनव प्रयोग हुआ। सभी शाखाओं के मुख्य शिक्षक एवं शाखा कार्यवाह अपने ध्वज एवं सैकड़ों स्वयंसेवकों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित हुए। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आरएसएस के प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह ने कहा कि आरएसएस की शाखा व्यक्ति के बौद्धिक विकास व चरित्र निर्माण की अभिनव प्रयोगशाला है, जहां स्वयं सेवकों के व्यक्तित्व निर्माण से राष्ट्र निर्माण की परिकल्पना साकार होती है।

इसके साथ ही स्वयंसेवक अनुशासन सीखते हैं। बाल, तरुण, प्रौढ़ सभी वर्ग के लोग इसमें शामिल होकर आपस में सामंजस्य स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि शाखा में स्वयंसेवक सामाजिक समरसता, देश की सभ्यता व संस्कृति से परिचित भी होते हैं। कहा कि शाखा में भाग लेने से व्यक्ति मानसिक व शारीरिक रूप से सबल बनता है। शाखा पर प्रतिदिन फहराए जाने वाले भगवा ध्वज को उन्होंने सनातन धर्म व संस्कृति का प्रतीक बताया। बताया कि शाखा में ध्वज फहराने के पश्चात सूर्य नमस्कार, योग, व्यायाम, खेल, देशभक्ति के गीत होते हैं। जिससे लोगों में राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विश्वकल्याण के लिए भारत को विश्वगुरु बनाने में आरएसएस के स्वयंसेवकों की भूमिका अहम है। कहा कि संघ संस्थापक डॉ हेडगेवार की 1925 में शुरू की गई शाखा का यह शताब्दी वर्ष है। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम भारत की प्राचीन सनातन संस्कृति का मूल मंत्र है, जबकि सर्वे भवन्तु सुखिन: भारत का दर्शन है। उन्होंने कहा भेदभाव मुक्त समरस समाज की स्थापना संघ का लक्ष्य है। उन्होंने पंच परिवर्तन के मायने समझाते हुए इसे समाज परिवर्तन के लिए अहम बताया। इस दौरान वंदे मातरम, भारत माता की जय, हर-हर बम-बम के नारों की गूंज दूर तक फैलती रही। स्वयंसेवकों ने बौद्धिक से पूर्व विभिन्न प्रकार के खेलकूद, योग, व्यायाम इत्यादि का प्रदर्शन किया। अध्यक्षता जिला संघ चालक डॉ. आरएस गुप्ता ने की। संघ प्रार्थना नमस्ते सदा वत्सले मातृ भूमे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विष्णु प्रताप, नगर प्रचारक विभम, अमितेश, शुभम, शिवम, अमर बहादुर, यशपाल, आदर्श, शिवम, उत्कर्ष, शिवांग आदि मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।