कुएं में गिरी नील गाय की रेस्क्यू के दौरान मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा
Barabanki News - हैदरगढ़ के भटखेरा वार्ड में एक नील गाय कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वन कर्मियों ने रेस्क्यू करने की कोशिश की, लेकिन जहरीले सांपों के कारण सफल नहीं हो सके। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा किया। अंततः वन विभाग ने सुबह नील गाय का अंतिम संस्कार किया।

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कस्बा स्थित भटखेरा वार्ड में पानी की टंकी के निकट सूखी पड़े पुराने कुएं में मंगलवार की शाम एक नील गाय (वनरोज) गिर गई। वन कर्मियों ने रेस्क्यू करने की कोशिश की, हालांकि इस दौरान उसकी मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों के असंतोष के चलते वन कर्मी वनरोज को कुएं में ही छोड़कर भाग खड़े हुए। डीएफओ के निर्देश पर पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम:वनरोज की कुएं में गिरने की सूचना ग्रामीणों ने चेयरमैन आलोक तिवारी के साथ ही डीएफओ को दी। डीएफओ के पीआरओ सुमित यादव ने तत्परता दिखाते हुए हैदरगढ़ रेंज के वन कर्मियों को रेस्क्यू के निर्देश दिए।
देर रात वन विभाग एवं नगर पंचायत कर्मियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।कुएं में जहरीले सांपों के कारण उसके नीचे नहीं उतरे वन कर्मी: वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने कुएं के एक फीट नीचे दीवारों पर उगी झाड़ियों को हटाकर नीचे उतरने का रास्ता बनाना शुरू किया। इसी समय कुएं की दीवार से अचानक निकले दो विषैले सर्प कुएं में ही गिर पड़े, जहां वनरोज मौजूद थी। रात में जहरीले सांपों के कारण रेस्क्यू टीम ने कुएं में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। वन कर्मियों ने बगल में बनी पानी की टंकी से कुएं में पानी भरवाना शुरू किया। पानी कुएं के काफी ऊपर आ गया। पता चला कि वन रोज मर चुकी है।युवकों ने शुरू किया हंगामा: वनरोज के मरने की जानकारी होते ही मौके पर मौजूद कुछ युवक अपना आपा खो बैठे। पहले से ही मूड बनाकर आए उत्तेजित युवक वन कर्मियों पर भड़क उठे। कुएं में न उतरने एवं उसमें पानी भरवाने का आरोप लगाते हुए वनरोज को मार डालने का बदला लेने की बात पर उतर आए। आप से बाहर हुए इन युवाओं को हालांकि गांव के कुछ लोगों ने शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आपे से बाहर हुए युवाओं के इरादे भांपकर वनरोज को कुएं के पानी में ही छोड़कर वनकर्मी अपनी मर्यादा बचाकर धीरे से निकल गए।सुबह वनरोज का हुआ अंतिम संस्कार: बुधवार की सुबह साढ़े ग्यारह बजे वन विभाग एवं नगर पंचायत कर्मी जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचकर वन रोज का अंतिम संस्कार किया।वन क्षेत्राधिकारी आर के तिवारी ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान जहरीले सर्पों के काटने से वनरोज की मौत हो गई थी। बताया कि बुधवार की सुबह टीम भेजकर वनरोज का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


