Barabanki News: सामान्य दिनों में भी बढ़ रही पैदल कांवड़ियों की संख्या
Barabanki News: रामनगर में लोधेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। भक्त सावन के सोमवार के अलावा सामान्य दिनों में भी कांवर लेकर जल भरे पैदल यात्रा करते हैं। हाल ही में अमन कश्यप और विशाल कुमार ने सरयू नदी से जल लाकर भगवान को अर्पित किया। मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना हुआ है।

Barabanki News: रामनगर, संवाददाता। सावन के सोमवार के अलावा सामान्य दिनों में भी लोधेश्वर महादेव मंदिर में पैदल कांवर लेकर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। प्रतिदिन भक्त कांवर में जल भरकर कई किलोमीटर पैदल यात्रा कर लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं। मंगलवार को गोंडा स्थित भभुआ के पास बह रही सरयू नदी से 21 लीटर जल लेकर अमन कश्यप और 31 लीटर जल लेकर विशाल कुमार नंगे पैर लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। दोनों ने भोलेनाथ को सरयू का जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान डाली, रागिनी, कोमल, सोम, राजा, मोहिनी आदि मौजूद रहे। मंदिर परिसर में लगातार हर-हर बम-बम और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
मुख्य पुजारी वीरेंद्र महराज, पुजारी आदित्य और अनिल ने बताया कि सावन मेले में कांवर लाने की प्रथा रही है। इस बार महादेवा में भी कांवर लेकर भक्त आए। पहले फाल्गुनी मेले में कांवर आती थी अब सावन में भी श्रद्धालु आने लगे है। श्रद्धालु घड़े में गंगाजल अथवा पवित्र नदियों का जल भरकर पैदल यात्रा करते हैं और लोधेश्वर महादेव को अर्पित कर अपने जीवन को धन्य मानते हैं। सोमवार के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।


