
ऋण वसूली मामलों के निस्तारण के लिए हुआ मंथन
Barabanki News - बाराबंकी में सिविल जज शिवानी रावत की अध्यक्षता में 14 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें बैंकों और बीमा कंपनियों को एनपीए मामलों का चिन्हांकन कर नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, जिला कारागार में कुष्ठ रोग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
बाराबंकी। सिविल जज सीनियर डिवीजन शिवानी रावत की अध्यक्षता में आगामी 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर एडीआर भवन में बैठक हुई। जिसमें ऋण वसूली मामलों के अधिकाधिक निस्तारण के लिए सभी बैंक व बीमा कम्पनियों के नोडल अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर सिविल जज सीनियर डिवीजन शिवानी रावत ने बैंकों व बीमा कम्पनियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक एनपीए मामलों का चिन्हांकन कर नियमानुसार नोटिस भेजते हुये मामलों का चिन्हांकन राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए करें। इसके बाद सचिव द्वारा जिले के वन स्टाप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
इस निरीक्षण का उद्देश्य केन्द्र पर संचालित हो रही विभिन्न सेवाओं, वहां कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति, महिलाओं व पीड़ितों को दी जा रही कानूनी, चिकित्सकीय व पुलिस सहायता की गुणवत्ता तथा समग्र कार्यप्रणाली का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान शिवानी रावत ने केन्द्र पर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा वहां आई हुई महिलाओं व पीड़ितों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अतिरिक्त सचिव शिवानी रावत द्वारा जिला कारागार में आज कुष्ठ रोग उन्मूलन के लिए एक विशेष जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य कारागार में रह रहे बंदियों तथा कारागार कर्मियों को कुष्ठ रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में समुचित जानकारी प्रदान करना था, ताकि इस रोग के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके और इसके समय पर निदान व उपचार को बढ़ावा दिया जा सके। शिविर में बंदियों को समझाया गया कि कुष्ठ रोग एक संक्रामक रोग अवश्य है, लेकिन समय पर इलाज से यह पूर्णत: ठीक हो सकता है। इस अवसर पर डॉ. राशिद जमाल ने बताया कि सरकार द्वारा कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी जेलर अनिल कुमार सिंह ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




