
गमछे से गला कसकर की गई थी युवक की हत्या
संक्षेप: Barabanki News - रामसनेहीघाट के बनी वार्ड में एक युवक की गला कसने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। शव खेत में मिला और गले में अंगौछा था। मृतक के भाई ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
रामसनेहीघाट। स्थानीय नगर पंचायत के बनी वार्ड में युवक की मौत गला कसने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाते हुये फॉरेंसिक रिपोर्ट व सर्विलांस के सहारे हत्यारों की तलाश में जुट गई है। खेत में मिला था शव, गले में अंगौछा कसने के निशान: बुधवार की सुबह नगर पंचायत के बनी वार्ड निवासी पेशकार (36) का शव घर से थोड़ी दूरी पर शिवकुमार रावत के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ों के बीच मिला था। परिजनों के अनुसार, पेशकार मंगलवार की रात खाना खाकर पास में बने छप्परनुमा बंगले में सोने गए थे, लेकिन सुबह उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था।

मृतक के गले में गले में अंगौछा कसा हुआ था। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई ने जताई पड़ोसी पर शंका: मृतक के भाई सुशील ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि दो माह पूर्व पेशकार और पड़ोसी के बीच मारपीट हुई थी। उसी रंजिश के चलते पड़ोसी ने गला कसकर हत्या की है। पुलिस ने इस आरोप को जांच में शामिल करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। आशनाई की भी चर्चा, पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से मौत की पुष्टि के बाद जहां मृतक के भाई के आरोपों को बल मिला है, वहीं कुछ ग्रामीणों में यह चर्चा भी है कि हत्या के पीछे आशनाई का विवाद हो सकता है। पुलिस अब हर एंगल से इस प्रकरण की जांच कर रही है। अभी तक नहीं मिली तहरीर: कोतवाल अंकित त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




