पुरुषोत्तम मास के पहले सोमवार को महादेवा में 80 हजार भक्तों ने किया जलाभिषेक
रामनगर में पुरुषोत्तम मास के पहले सोमवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए, और दिनभर में लगभग 80,000 भक्तों ने जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना के लिए सुबह से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू किया।

रामनगर, संवाददाता। पुरुषोत्तम मास (मलमास) के पहले सोमवार को प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी। स्थानीय क्षेत्र सहित आस-पास गांवों से बड़ी संख्या में भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। भक्तों की भीड़ देख पुजारी ने भोर चार बजे ही मंदिर के कपाट खोलवा दिए। पूरे दिन करीब 80 हजार भक्तों ने पूजापाठ और जलाभिषेक किया। भोर में चार बजे ही खोल दिए गए मंदिर के कपाट: भीषण गर्मी के चलते अधिकांश श्रद्धालु भोर पहर ही मंदिर पहुंच गए थे। चार बजे सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया था।
गर्मी के चलते शाम को भी स्थानीय महिला पुरुष श्रद्धालु पंहुचे जिन्होंने लोधेश्वर महादेव को जल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धा और आस्था का अनूठा दृश्य उस समय देखने को मिला जब कुछ श्रद्धालु लेटकर परिक्रमा करते हुए मंदिर पहुंचे। भक्तों ने कठिन साधना और भक्ति भाव के साथ भगवान शिव की आराधना की। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की अच्छी खासी मौजूदगी रही। श्रद्धालुओं का कहना था कि पुरुषोत्तम मास में सोमवार का विशेष महत्व होता है, इसलिए उन्होंने भगवान शिव की पूजा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एवं मंदिर समिति भी सक्रिय दिखाई दी। पूरे दिन मंदिर क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस व पीएसी जवान लगे रहे। अवसानेश्वर मंदिर में भी उमड़ी भक्तों की भीड़: शहर के नागेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक करने वाले भक्तों की लंबी लाइन लग गई। इसके साथ हैदरगढ़ क्षेत्र अवसानेश्वर महादेव मंदिर में जयकारे लगाते हुए भक्त कतारों में होकर शिवलिंग तक पहुंचे और जलाभिषेक किया। मंदिर के आस पास काफी संख्या में दुकानें लगी हैं। जिससे मेले जैसा माहौल नजर आया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


