पांच लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को भगाया
Barabanki News - हैदरगढ़। दहेज में पांच लाख नकदी व कार नहीं मिलने पर विवाहिता को ससुरालीजनों ने

हैदरगढ़। दहेज में पांच लाख नकदी व कार नहीं मिलने पर विवाहिता को ससुरालीजनों ने मारपीटकर घर से भगा दिया। इस मामले में पीड़िता की फरियाद पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बृम्हनान वार्ड निवासिनी रचना सिंह ने सीओ समीर सिंह से मिलकर तहरीर दी। बताया कि डेढ़ वर्ष पहले 10 जुलाई वर्ष 2024 में उसका विवाह जनपद लखनऊ के मोहनलालगंज निवासी अमरेन्द्र सिंह से हुआ। बताया कि विवाह के पश्चात विदा होने के बाद ही पति व ससुर आदि ससुराल वालों ने पांच लाख रुपए नगदी एवं कार की मांग की। पिता ने असमर्थता जताई तो उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।
बीते वर्ष 4 मई 2025 को उसके पति अमरेन्द्र, ससुर हरगोविंद, देवर दुर्गेश सिंह, ननद व सास ने उसे बुरी तरह पीटा। मायके वालों को सूचना मिलने पर पिता ने ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे सभी अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद उसे फिर पीटकर घर से भगा दिया गया। मायके वालों ने सुलह समझौता की बहुत कोशिश की, लेकिन ससुराल वालों की हरकतों व गंदी मानसिकता में कोई सुधार नहीं हुआ। धमकी दी कि अब पेट्रोल डालकर जला देंगे। पीड़िता की व्यथा सुनकर सीओ समीर सिंह ने हैदरगढ़ पुलिस को आदेशित कर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया। सीओ के आदेश पर पुलिस ने पीड़िता की एफआईआर दर्ज कर ली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


