
महादेवा महोत्सव को लेकर एसडीएम ने की बैठक
Barabanki News - रामनगर में 17 नवंबर से महादेवा महोत्सव की तैयारी जोरों पर है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की। इस बार 40 फीट ऊंची अमरनाथ गुफा बनाई जाएगी। भोजपुरी कलाकारों और कवियों की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
रामनगर। आगामी 17 नवंबर से शुरू होने वाला महादेवा महोत्सव इस बार कई मायनों में खास होगा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने सूरतगंज व रामनगर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर महोत्सव पर चर्चा भी की व उन्हें आमंत्रित किया। प्रशासनिक अधिकारी महोत्सव के भव्य और दिव्य आयोजन के लिए युद्ध स्तर पर हर इंतजाम पुख्ता कर रहे हैं। महादेवा में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़े इस लिए स्थानीय प्रशासन नई पहल करते हुए दर्शकों को आकर्षित करने के लिए पहली बार चालीस फिट ऊंची अमरनाथ गुफा बनवा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भव्य पंडाल सजाने का काम भी जारी है।
भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह, गायक समर सिंह, संत शांतनु महराज, गजल कार सत्यम महराज जैसे नामी कलाकार बुलाए गए हैं। वहीं कवियों में नीलोत्तम मृणाल, डॉ. विष्णु सक्सेना, अनामिका जैन अम्बर जैसे कवि भी आमंत्रित किए गए हैं। एसडीएम ने बताया तहसील के सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही अयोध्या मंडल के कमिश्नर व आईजी को भी आमंत्रित किया गया है। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही के अलावा कई अन्य मंत्री भी कार्यक्रम की महत्ता बढ़ाएंगे। महोत्सव के सतरंगी मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों का चयन किया जा चुका है। प्रचार प्रसार के लिए होर्डिंग लगाई जा रही हैं। महोत्सव के लिए बन रहे पांडाल में तीन हजार श्रोता आ सकेंगे। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहेंगे व ड्रोन कैमरे से महोत्सव की निगरानी होगी। आकस्मिक सहायता देने के लिए चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। 17 नवंबर की दोपहर 12 बजे डीएम शशांक त्रिपाठी विश्व कल्याण द्वारा पर फीता काटने के बाद भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे। इसी के साथ महादेवा महोत्सव व अगहनी मेले का शुभारंभ हो जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




