
साथी ने झांसा देकर अधिवक्ता की कार हड़पी, केस दर्ज
Barabanki News - बाराबंकी में एक अधिवक्ता ने अपने परिचित पर शादी में जाने का झांसा देकर कार हड़पने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता ने बताया कि गाड़ी लौटाने के लिए कई बार संपर्क किया, लेकिन गाड़ी वापस नहीं मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक अधिवक्ता ने अपने ही परिचित पर शादी में जाने का झांसा देकर कार हड़पने का आरोप लगाया है। हालांकि दोनों के बीच रुपए लेनदेन का विवाद है। अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोठी थाना के सरसा गांव निवासी विकास प्रताप सिंह पुत्र शिव कुमार सिंह अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि एक गाड़ी उन्होंने 23 दिसम्बर 2021 को मारुति सुजुकी अरेना शो-रूम, बाराबंकी से खरीदी थी। वाहन की कीमत में एक लाख 20 हजार रुपए डाउन पेमेंट और पांच लाख 46 हजार 726 रुपए चोला मंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी के माध्यम से फाइनेंस करवाया गया था।
किस्त प्रतिमाह 12 हजार 465 रुपए की थी, जिसे वे नियमित रूप से जमा कर रहे थे। अधिवक्ता ने बताया कि कभी-कभी किस्त का रुपए न होने पर वे अपने परिचित गौरव सिंह निवासी ग्राम दीपपुर तिराहा थाना फरीदपुर, जिला बरेली वर्तमान निवासी - गायत्री मंदिर के पीछे क्षत्रिय आवास, गांधी आश्रम, ओबरी, बाराबंकी को नगद रुपये देकर ऑनलाइन किस्त जमा कराने को कहते थे। पीड़ित ने बताया क छह मई 2025 को गौरव सिंह ने अपने साले के लड़के की शादी में जाने के लिए उनकी गाड़ी मांगी थी। तय समय पर गाड़ी वापस न मिलने पर अधिवक्ता ने फोन से संपर्क करने की कोशिश की, पर मोबाइल बंद मिला। बाद में गौरव के भाई से बात करने पर कहा गया कि गाड़ी बाराबंकी में मिल जाएगी। कई दिन बाद गौरव सिंह से बात हुई तो उन्होंने कहा कि कचेहरी में आकर गाड़ी दे दूंगा लेकिन उसके बाद से लगातार टालमटोल करने लगे। आरोप है 29 जून 2025 को जब विकास सिंह गौरव के घर पहुंचे तो गौरव ने अपने चार अज्ञात साथियों के साथ गाली-गलौज की और गाड़ी लौटाने से इंकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में दो जुलाई 2025 को कोतवाली नगर में शिकायती पत्र दिया था, लेकिन जांच अधिकारी उप निरीक्षक संजय कुमार यादव ने रिपोर्ट में उल्टा यह लिखा दिया कि विपक्षी गौरव सिंह ने एक लाख रुपए जमा किए हैं और किस्त भी वहीं भर रहे हैं इसीलिए गाड़ी अपने पास रख ली है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




