
हिंदुओं के संगठित होने से भारत बनेगा विश्व गुरु: अशोक केडिया
Barabanki News - बाराबंकी के ख़सपरिया गांव में आरएसएस द्वारा हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता अशोक केडिया ने कहा कि सभी हिंदू एक हैं और जाति-पात के भेद को छोड़कर संगठित होकर राष्ट्र के लिए कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया और वैदिक विचारधारा का महत्व बताया।
बाराबंकी। बंकी खंड के ख़सपरिया गांव में आरएसएस की ओर से हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य वक्ता बोलते हुए आरएसएस के क्षेत्र सामाजिक सद्भाव प्रमुख अशोक केडिया ने कहा कि वैदिक काल से सनातन धर्म को मानने वाले सभी हिंदू एक हैं। कार्य, भाषा और जाति भले अलग हों, लेकिन सभी का जुड़ाव सनातन धर्म से है। उन्होंने बताया कि वैदिक विचारधारा से वैष्णो, शैव, शाक्य, बौद्ध, जैन और आर्य समाज जैसी विभिन्न धाराएं निकलीं, लेकिन किसी ने वेद और भारतीय जीवन मूल्यों का विरोध नहीं किया। वेद प्रेम और भाईचारे की शिक्षा देता है और इसमें छुआछूत का कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने कहा कि रामायण और महाभारत काल में जातियां थीं, लेकिन छुआछूत नहीं थी। विभिन्न कुल में जन्मे अनेक महर्षि अपने कर्म, चिंतन और वाणी के आधार पर महात्मा बन गए। वाल्मीकि महर्षि ने भगवान राम के जीवन पर ग्रंथ लिखकर विश्व में पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि आज हिंदू जाति, रंग और उच्च-नीच के भेद में बंटकर असंगठित हैं, जिसका फायदा उठाकर मुगल और अंग्रेजों ने सैकड़ों वर्षों तक शासन किया। इसी असंगठन को देखते हुए डॉक्टर हेडगेवार ने 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। डॉक्टर हेडगेवार का संदेश था कि जब हिंदू एक होंगे तभी विश्व गुरु बनेंगे। मुख्यवक्ता ने सभी से अपील की कि जाति-पात और ऊंच-नीच के भेद को छोड़कर संगठित होकर राष्ट्र और मां भारती के लिए कार्य करें। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के चित्र पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अध्यक्षता डॉक्टर विवेक वर्मा ने की।स्वामी चेतनानंद ने संत समाज का प्रतिनिधित्व किया। संचालन विजय कुमार ने किया। बड्डूपुर क्षेत्र के खिंझना मंदिर में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में प्रांत महाविद्यालयीन विद्यार्थी कार्य प्रमुख पंकज पटवा ने बतौर मुख्य वक्ता अपने विचार व्यक्त किए। रामनाथ मौर्य ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर आरएसएस के जिला प्रचारक रवि प्रकाश, जिला कार्यवाह सुधीर, पारितोष, राम दास, प्रदीप सहित काफी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




