Barabanki News: बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे दो निजी अस्पताल सील, तीन को नोटिस
Barabanki News: स्वास्थ्य विभाग ने सूरतगंज में निजी अस्पतालों की कार्रवाई तेज कर दी है। बिना पंजीकरण चल रहे दो अस्पतालों को सील किया गया और तीन अन्य को मानकों की कमी के लिए नोटिस जारी किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की गई है।

Barabanki News: सूरतगंज। निजी अस्पतालों में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को सूरतगंज कस्बे में निजी चिकित्सालायों के निरीक्षण के दौरान बिना पंजीकरण संचालित दो चिकित्सालय पकड़े गए। टीम ने दोनों चिकित्सालयों को तत्काल सील कर दिया। वहीं, जांच में मानकों से संबंधित कमियां मिलने पर तीन अन्य निजी अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार मिश्र और वरिष्ठ सहायक जितेंद्र कुमार शुक्ला की टीम ने शुक्रवार को सूरतगंज में संचालित निजी चिकित्सालायों का निरीक्षण किया।
टीम ने परफैक्ट डायग्नोस्टिक सेंटर, कृष्णा नर्सिंग होम समेत अन्य संस्थानों में पहुंचकर पंजीकरण संबंधी अभिलेखों की जांच की। इसके साथ ही अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, अग्निसुरक्षा के इंतजाम, आपात स्थिति में बाहर निकलने के रास्ते और बेसमेंट में संचालित चिकित्सा सेवाओं की स्थिति भी देखी गई। निरीक्षण के दौरान परफैक्ट डायग्नोस्टिक सेंटर और मनोज कुमार के नाम से संचालित संस्थान बिना पंजीकरण के मिले। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों संस्थानों को सील कर दिया।वहीं, श्री कृष्णा नर्सिंग होम समेत तीन अन्य संस्थानों में निरीक्षण के दौरान मानकों से संबंधित कमियां मिलने पर नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को कमियां दूर कर निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निजी चिकित्सा संस्थानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान बिना पंजीकरण स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


