
निजी डबल डेकर बस पलटी, 11 यात्री घायल
Barabanki News - गोरखपुर से 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी बस नगर कोतवाली क्षेत्र
गोरखपुर से 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी बस नगर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा कार्यालय के पास देर रात हुई दुर्घटना बाराबंकी। गोरखपुर से करीब 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रविवार की देर शाम रवाना हुई निजी डबल डेकर बस नगर कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या लखनऊ हाईवे पर भाजपा कार्यालय के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 11 यात्री घायल हुए हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस ने शेष यात्रियों को अन्य वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। गोला बस सर्विस की बस रविवार की शाम लगभग 50 यात्रियों को लेकर गोरखपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।
यात्रियों का आरोप है कि बस चालक शुरू से ही तेज रफ़्तार में वाहन चला रहा था। रात करीब एक बजे बस नगर कोतवाली क्षेत्र में चौपला के पास एक ढाबे पर लगभग 40 मिनट तक रुकी। इस दौरान बस के चालक परिचालक ने भी ढाबे पर भोजन किया। देर रात करीब 1:45 बजे बस यहां से रवाना हुई। रात करीब दो बजे नारेपुरवा गांव भाजपा कार्यालय के पास चालक का बस से नियंत्रण हट गया और डबल डेकर बस हाईवे किनारे पलट गई। बस पलटते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर वहां राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह और सीओ सिटी संगम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पुलिस ने बस से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सुरक्षित बच्चे सभी घायलों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इस हादसे में 11 लोग घायल हुए। इनमें मोहम्मद अनीस (43 ) पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी, जाकिर नगर, ओखला, नई दिल्ली, मनोज कुमार (58) पुत्र स्व. विश्वनाथ निषाद, निवासी, मंगल बाजार, पुरानी बस्ती, जनपद बस्ती, तबरेज़ आलम (27) पुत्र जमील अहमद, निवासी सहजनवा, जनपद गोरखपुर शिवा जायसवाल (19) पुत्र मनोज जायसवाल, निवासी चौरी चौरा बाजार जनपद गोरखपुर आमिर रज़ा (26) पुत्र हसन रज़ा निवासी मुग़लहा मेडिकल कालेज, थाना गुलहरिया जनपद गोरखपुर अनुरुद्ध चौधरी (30) पुत्र स्व. सियाराम चौधरी निवासी बडेवन मोहल्ला जनपद बस्ती प्रदीप निषाद पुत्र राम सूरत निवासी जनपद महराजगंज आमना पुत्री हसरत अली निवासी गोविंदपुरी मेट्रो स्टेशन, नई दिल्ली विजया सिंह (24) पुत्री राकेश सिंह निवासी शिवघर, जनपद सीतामणी, बिहार खेमचंद्र (33) पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी मंडी, हिमाचल प्रदेश शामिल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




