
दूसरे की फोटो लगाकर जालसाज ने निरस्त कराया इकरारनामा
Barabanki News - बाराबंकी के नवाबगंज उपनिबंधक कार्यालय में एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी से दूसरे व्यक्ति के नाम पर जमीन का इकरारनामा निरस्त कराया। पीड़ित ने नगर कोतवाली में शिकायत की है, जिसमें बताया गया है कि उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज बनाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाराबंकी। उपनिबंधक कार्यालय नवाबगंज में एक व्यक्ति की फोटो व दस्तावेज का दुरुपयोग कर जालसाज ने दूसरे व्यक्ति के साथ किये गए जमीन के इकरारनामा को निरस्त करा दिया। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जहांगीराबाद थाना के ग्राम चकछेड़ा निवासी राजेन्द्र प्रसाद पुत्र स्व. पुत्तीलाल ने बताया कि उनके रिश्तेदार की चाय की दुकान उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज के पास है। एक जनवरी को वह दुकान पर बैठा था। इसी दौरान वहां एक व्यक्ति आया। जिसके हाथ में इकरारनामा के दस्तावेज थे। उस पर उसकी फोटो लगी थी।
जब उसने पूछा कि उसके साथ क्या फ्राड किया गया है तो उसने कहा कि तुम्हारे ऊपर कुछ नहीं होगा। पीड़ित ने बताया कि उसने उसी दिन रजिस्ट्री कार्यालय से इसकी नकल निकलवाई तो पता चला कि उसका अंगूठा फर्जी तरीके से लगाकर दक्षिण टोला बंकी निवासी एक व्यक्ति ने उसे जुबेर अहमद पुत्र सगीर अहमद निवासी ग्राम सिदवाही थाना देवा बता कर 29 मार्च 2025 को इकरारनामा निरस्ती पत्र उपनिबन्धक नवाबगंज के कार्यालय से करा लिया है। पीड़ित ने बताया कि उसे उक्त निरस्ती पत्र की प्रति नौ जनवरी को प्राप्त हुई। इसके बाद उसे जानकारी फ्राड करने वाले व्यक्ति के नाम व पता की जानकारी हुई। आरोपी ने उसकी फोटो इकरारनामा निरस्ती पत्र में इस्तेमाल की तथा फर्जी आधार कार्ड व पैन कार्ड भी उसकी फोटो लगाकर बनाया होगा। उसने तहरीर में स्पष्ट किया कि वह जुबेर अहमद नहीं है और न ही सिदवाही गांव में रहता है और न ही किसी जुबेर अहमद, जुनेद अहमद व फुरकान पुत्र सुलेमान को जानता है। इस संबंध में कोतवाल नगर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




