जालसाजों ने वर्षों से लापता व्यक्ति की भूमि का बैनामा कराया
Barabanki News - हैदरगढ़ में एक जालसाजी का मामला सामने आया है, जहां सात वर्ष से लापता व्यक्ति के स्थान पर किसी और को खड़ा कर उसकी भूमि का बैनामा कराया गया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

हैदरगढ़। जालसाजों ने सात वर्ष से लापता व्यक्ति के स्थान पर रजिस्ट्री आफिस में दूसरे को खड़ा कर उसके नाम की सारी भूमि का बैनामा करा लिया गया। पति की खोजबीन में लगी पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जालसाजों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। मामला थाना सुबेहा के टिकुरी मजरे थलवारा गांव का है। दिल्ली में रह रही कमलेश सुबेहा थाना के टिकुरी मजरे थलवारा गांव की मूल निवासी हैं। उन्होंने हैदरगढ़ पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति बिन्द्रा माली वर्ष 2019 में दिल्ली से लापता हो गए। गायब होने के समय उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी।
पीड़िता एवं उसके परिवार के लोग उसके पति की आज भी तलाश कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उसके पति के नाम तहसील हैदरगढ़ के थलवारा गांव में दो बीघा से अधिक कीमती भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज चली आ रही थी। एक अगस्त 2025 को जालसाजों ने उसके लापता पति के स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति की फोटो आदि लगाकर पूरी जमीन का बैनामा करा लिया। पीड़िता ने बताया कि भूमि का बैनामा लेने वाला कस्बा हैदरगढ़ के घोसियाना वार्ड का मो. शफीक पुत्र खुर्शीद है। इस जालसाजी में बैनामा के गवाह बरांवा गांव का राम करन एवं गोसूपुर के जंग बहादुर सिंह शामिल हंै। पीड़िता के वकील आमिर खान ने बताया कि हैदरगढ़ पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है। बताया कि आरोपी जालसाजों को अतिशीघ्र जेल भेजवाने के लिए वह पीड़िता के साथ पुलिस कप्तान से मिलेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


