
कागजों में पूरा किया लक्ष्य, पौधरोपण के बजाय फेंक दिए पौधे
Barabanki News - रामसनेहीघाट के मानपुर मकोहिया क्षेत्र में वन कर्मियों ने पौधरोपण अभियान में लापरवाही बरती। पौधों को लगाने के बजाय जंगल में फेंक दिया गया, जिससे अभियान की पोल खुल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पौधों की देखभाल नहीं की गई और सूखे पौधे वन विभाग की कार्यशैली की गवाही दे रहे हैं। रेंजर ने जांच का आश्वासन दिया।
रामसनेहीघाट। मानपुर मकोहिया क्षेत्र में पौधे लगाने के नाम पर वन कर्मियों ने खाना पूर्ति करते हुए काफी पौधों को लगाने के बजाय जंगल में ही इधर-उधर फेंक दिया। कागजों पर खानापूर्ति कर दी। जिसके चलते एक बार फिर पौधरोपण अभियान की पोल खुलकर सामने आ गई है। जुलाई माह में शासन की ओर से बड़े पैमाने पर पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि रामसनेहीघाट रेंज के वनकर्मियों ने न केवल निर्धारित संख्या से बेहद कम गड्ढे खुदवाए, बल्कि पौधशाला से उठाए गए अधिकांश पौधों को लगाने के बजाय जंगल में ही फेंक दिया।
मौके पर पड़े सूखे पौधे वन विभाग की कार्यशैली की खुली तस्वीर पेश कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जो थोड़े बहुत पौधे लगाए भी गए थे, उनके रख रखाव में भी घोर लापरवाही बरती गई। पानी न मिलने और सुरक्षा व्यवस्था न होने से पौधे सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। वन विभाग द्वारा हरियाली बढ़ाने का दावा कागजों तक सीमित होकर रह गया है, जबकि जमीन पर हालात इसके बिल्कुल विपरीत दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बनकर्मियों ने पौधरोपण अभियान को महज औपचारिकता के रूप में पूरा किया। पौधों के उठान से लेकर उनके रोपण तक हर स्तर पर गंभीर अनियमितताएं देखने को मिलीं। इस पूरे मामले पर रेंजर विशाल गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी वनकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वन कर्मियों की इस लापरवाही ने न सिर्फ सरकारी अभियान को पलीता लगाया है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




