Barabanki News: घर में फंदे से लटकता मिला वृद्धा का शव
Barabanki News: असंद्रा क्षेत्र में 65 वर्षीय रम्पता का शव घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। उसकी बहू ने जब दरवाजा नहीं खोला तो घर के पीछे झांककर देखा। जानकारी पर पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चर्चा है कि मृतका का बहू से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह दरवाजा बंद कर सो गई थी।

Barabanki News: असंद्रा (बाराबंकी)। कोतवाली असंद्रा क्षेत्र में बीती रात एक वृद्धा का शव घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से शव को फंदे से उतार पोस्टमार्टम को भेजा है । घटना कोतवाली क्षेत्र के पठकन पुरवा मजरे धनौली खास गांव की है। यहां की निवासी रम्पता (65) पत्नी झगड़ू बीती रात दरवाजा बंद कर घर के भीतर सो गई थी। गुरुवार सुबह जब उसका दरवाजा नहीं खुला तो पास में ही रह रही उसकी बहू आरती ने जब घर के पीछे से झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। घर के भीतर रम्पता का शव फंदे से लटका मिला।
बहू के चीखने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। बाद में आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चर्चा है कि बुधवार को मृतका का अपनी बहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद वह दरवाजा बंद कर घर के अंदर चली गई थी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली असंद्रा अनिल सिंह का कहना है कि सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच की जा रही है।


