पुत्रवधु व पोते को दवा दिलाकर बाइक से लौट रहे अधेड़ की हादसे में मौत
Barabanki News - बाराबंकी के मोहारी गांव में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक वृद्ध biker की मौत हो गई। वह अपनी पुत्रवधु और पोते के साथ दवा लेकर लौट रहा था। हादसे में पुत्रवधु और पोता बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बेलहरा (बाराबंकी), संवाददाता। बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के मोहारी गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। देर रात पुत्रवधु व पोते के साथ बाइक से दवा लेकर गांव लौटते समय हुआ हादसा। हालांकि पुत्रवधु और पोता बाल बाल बच गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केलिए भेज दिया है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के कछुहनपुरवा निवासी देशराज सिंह (45) सोमवार को पोते की तबीयत खराब होने पर उसे चिकित्सक को दिखाने के लिए फतेहपुर बाइक से गए थे।
चिकित्सक को दिखाने के बाद देर रात वे बाइक से ही पुत्रवधु और पोते को लेकर लौट रहे थे। बताते हैं कि मोहारी गांव के पास जैसे ही पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार ट्रैक्टर आ गया। रास्ता संकरा होने की वजह से वे सड़क के किनारे अभी उतर भी नहीं पाए थे कि ट्रैक्टर की ट्रॉली में पीछे लगे लोहे से टकरा गए। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुत्रवधु और पोता दूर छिटककर खेत की तरफ गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


