लाठी-डंडे से पीटकर पति को मार डाला
Barabanki News - मसौली में एक पत्नी ने घरेलू कलह के चलते अपने पति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। विवाद के दौरान पत्नी ने कई बार पति को मारा, जिससे उसकी मौत हो गई। पति शराब का आदी था और अक्सर पैसे की मांग करता था। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मसौली, संवाददाता। मसौली थाना क्षेत्र के कुरथरा मजरे त्रिलोकपुर में घरेलू कलह से तंग पत्नी ने लाठी-डंडे से पीटकर पति की हत्या कर दी। बुधवार दोपहर में किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच लाठी डंडे से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि पत्नी ने पीट पीटकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पत्नी के सिर में चोट लगी है। घटना की खबर लगते ही मसौली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी पत्नी को पुलिस अपने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मसौली थाना क्षेत्र के चौकी त्रिलोकपुर के ग्राम कुरथरा निवासी सत्यप्रकाश (40) उर्फ मोहित पुत्र रामकुमार शराब पीने का आदी था। शराब पीने के लिए प्राय: पत्नी शिल्पी वर्मा से पैसे की मांग करता था। इसको लेकर घर में कलह का वातावरण बना हुआ था। घरेलू कलह के चलते परिवार में प्राय: मारपीट व गाली गलौज की घटनाएं होती रहती थी। रोज की तरह बुधवार करीब 12 बजे घर पर ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ते बढ़ते लाठी डंडों तक पहुंच गया और देखते देखते पति पत्नी के बीच लाठी डंडे से मारपीट होने लगी। पारिवारिक कलह से आजिज पत्नी ने ताबड़तोड़ लाठियों से कई वार कर सत्य प्रकाश उर्फ मोहित को मौत के घाट उतार दिया। मसौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों को एक एक पुत्र व एक पुत्री है। पुत्र अभिषेक उर्फ गोलू (14) और पुत्री सृष्टि (10) है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि युवक शराब का आदी था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच मारपीट के दौरान पति की मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


