Barabanki News: दहेज के लिए महिला को मायके में पीटा, सात नामजद
Barabanki News: असंद्रा कोतवाली क्षेत्र में एक महिला पर दहेज के लिए उसके मायके में मारपीट का आरोप लगा है। पति और छह अन्य ससुरालियों पर मामला दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसे 29 सितंबर को बदसलूकी का सामना करना पड़ा और उसके ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल मांग रहे थे।

Barabanki News: कोठी। असंद्रा कोतवाली क्षेत्र में दहेज के लिए महिला को उसके मायके में पीटने का आरोप है। शिकायत पर असंद्रा पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। असंद्रा कोतवाली क्षेत्र के पूरे मंशाराम दीवान मजरे गजपतिपुर गांव निवासी शायबा बानो पुत्री अहमद अली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 12 जनवरी 2025 को जैदपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अली अकबर कटरा कस्बा निवासी महमूद आलम पुत्र सुभान हुआ। मगर आरोप है कि निकाह के तीन महीने बाद ही ससुराल में पति महमूद आलम, ससुर सुभान अली, सास अफसर जहां, ननद जुलेखा, जेठ मकसूद, ननदोई मुस्ताक अली, देवर महबूब अली एकराय होकर दहेज से नाखुश होकर बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे।
वे उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगे। करीब तीन महीने पहले ससुराल वालों ने उसको पीटकर घर से निकाल दिया। तब से वह अपनी छह महीने की बेटी के साथ मायके में है। आरोप है कि 29 सितंबर को ससुराल वाले उसके मायके आकर मारपीट की। उन्होंने धमकी दी कि अगर बुलेट लेकर नहीं आई तो पेट्रोल डालकर जला देंगे। इसकी शिकायत पर असंद्रा इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने सभी आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।


