
घर के अंदर मिला अधेड़ का सड़ा गला शव
Barabanki News - बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के शिवनाम गांव में एक अधेड़ का सड़ा गला शव सोमवार को घर में मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को निकाला। अमरनाथ तिवारी पिछले पांच दिनों से गायब थे। ग्रामीणों ने तेज दुर्गंध की सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मौत हृदयघात से हुई हो सकती है।
बाराबंकी। लोनीकटरा थाना के शिवनाम गांव में एक अधेड़ का सड़ा गला शव सोमवार की दोपहर घर में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के शिवनाम गांव में सोमवार दोपहर बाद गांव में रहने वाले अमरनाथ तिवारी के घर से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंदर से बंद कुंडी को तोड़ा तो मुख्य दरवाजे के पास ही जमीन पर अमरनाथ तिवारी का शव फर्श पर औंधे मुंह पड़ा था। शव सड़ने लगा था।
घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे। ग्रामीणों ने बताया कि अमरनाथ तिवारी की पत्नी की मौत करीब 15 साल पहले हो गई थी। इनका बेटा प्रतीक ही था। अमरनाथ शराब अधिक पीने लगे थे। जिससे प्रतीक के मामा उसे अपने साथ रामनगर लेकर चले गए थे। तब से वह उनके साथ ही रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से अमरनाथ नहीं दिखाई दे रहे थे। सोमवार की दोपहर उनके घर से तेज दुर्गंध आ रही थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय मौर्य ने बताया कि अधेड़ अकेले ही घर में रहता था। लग रहा है कि हृदयघात से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




