मिठाई गोदाम में सेंधमारी, लाखों का माल उड़ाया, शिकायत के बाद भी नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट
Barabanki News - बाराबंकी के घंटाघर के पास न्यू किशोर मिष्ठान भंडार में चोरी हुई। चोरों ने गोदाम में सेंध लगाकर करीब दो लाख रुपये का सामान चुरा लिया। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। व्यापार मंडल ने मामले को उठाया और पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया।
बाराबंकी,संवाददाता। शहर के घंटाघर के पास स्थित न्यू किशोर मिष्ठान भंडार के गोदाम में सोमवार की रात चोरों ने सेंध लगाई और करीब दो लाख रुपये का माल उड़ा ले गए। सुबह जब दुकान खोलने पहुँचे तो शटर अंदर से बंद था। किसी तरह शटर खोलकर अंदर गए तो होश उड़ गए। सामान गायब था और चोर निशान छोड़कर जा चुके थे। पीड़ित अनूप कुमार गुप्ता और मुदित कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान कानूनगोयान मोहल्ले में है। गोदाम में मिठाई के डिब्बे, दो टीन देशी घी, दो टीन में काजू और बादाम रखे थे। यह सब गायब हो गए।
इसके अलावा और भी सामान चोरी हुआ है। दोनों भाइयों के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये है। दुकान उनके पिता स्व.नन्द किशोर गुप्ता की थी जिसे वे दोनों मिलकर चला रहे हैं।घटना की जानकारी होते ही पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। तहरीर भी दी। लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। पीड़ित परिवार थाने के चक्कर लगाता रहा लेकिन कहीं से राहत नहीं मिली। एक तरफ चोरी का दर्द था और दूसरी तरफ पुलिस की बेरुखी। जब पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया तो व्यापारी मुदित ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष जयदीप सिंह सिद्धू को मामले की जानकारी दी। इसके बाद जयदीप सिंह सिद्धू अपने संगठन के पदाधिकारियों अमित सचदेवा, अतुल गुप्ता और पुरुषोत्तम टंडन के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने तत्काल अधिकारियों से बात कर कार्रवाई की माँग की। व्यापार मंडल के दबाव के बाद सिटी पुलिस चौकी इंचार्ज मौके पर पहुँचे और जाँच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस घटना से शहर के व्यापारियों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि जब एक पीड़ित व्यापारी तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होता तो आम आदमी का क्या होगा। व्यापार मंडल ने माँग की है कि दोषी चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


