दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

Feb 28, 2026 02:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बाराबंकी
share Share
Follow Us on

Barabanki News - बाराबंकी के बघौरा गांव की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग करने, उत्पीड़न और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। विवाह के कुछ समय बाद से उसके पति और ससुराल वाले फ्लैट, मोटरसाइकिल और नकद रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

बाराबंकी, संवाददाता। जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बघौरा की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बघौरा गांव निवासी चिंकी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 11 मार्च 2024 को नितिन कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, ससुर शशि प्रकाश मिश्र, जेठ रितेश मिश्र, जेठानी रिया मिश्रा तथा अन्य परिजन दहेज में एक फ्लैट, बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग करने लगे।

पीड़िता का कहना है कि मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन ताने दिए जाते थे और मारपीट की जाती थी। उसने आरोप लगाया कि 26 जनवरी की सुबह करीब 8:30 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और घर से बाहर निकाल दिया गया। घर से निकाले जाने के बाद पीड़िता ने अपने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह थाना सफदरगंज पहुंची और लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।