
सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
Barabanki News - बाराबंकी के दरियाबाद और मसौली थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। दरियाबाद में एक बाइक सवार को वाहन ने टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाराबंकी। दरियाबाद व मसौली थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन चालक ने मारी टक्कर: दरियाबाद संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र में दरियाबाद से बदोसराय मार्ग पर उदवतनगर गांव के पास स्थित लटकनिया तालाब के पास दरियाबाद की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा तो उसका चेहरा बुरी तरह से लहूलुहान था।
मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। एसएचओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया दुर्घटना मे बाइक सवार युवक की मौत हुई है। मृतक की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। घायल जिला अस्पताल रेफर: मसौली संवाद के अनुसार थाना क्षेत्र के अन्तर्गत भौहारा कला मजरे सआदतगंज निवासी अंकित (30) पुत्र अशोक कुमार मिश्र और अमरदीप (32) पुत्र अजय मिश्र बाइक से शुक्रवार की रात करीब नौ बजे घर लौट रहे थे। कस्बा बड़ागांव में हनुमान मन्दिर के निकट अज्ञात वाहन चालक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी बड़ा गांव में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर सुल्तानपुर निवासी पिकअप चालक बलराम पुत्र हरिराम वाहन से मुर्गे उतारने के बाद बहराइच से लखनऊ की ओर लौट रहा था। मसौली थाना क्षेत्र में बाराबंकी रामनगर हाइवे के महाराजा ढाबा के निकट असंतुलित होकर अचानक पिकअप पलट गयी। इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




