रास्ता रोक कर युवक पर जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
Barabanki News - बाराबंकी के मोहल्ला कटरा में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला हुआ। पंकज कुमार और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

बाराबंकी। शहर के मोहल्ला कटरा निवासी एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर उस पर विपक्षी ने जानलेवा हमला कर दिया। इसमें उसे गंभीर चोटें आईं हैं। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर के मोहल्ला कटरा निवासी रूबी तिवारी पत्नी अनिल कुमार तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 फरवरी को बच्चों को लेकर पंकज कुमार की पत्नी से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान पंकज कुमार व उसकी पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़िता ने बताया कि 20 फरवरी की सुबह पति अनिल कुमार तिवारी माती क्षेत्र की एक निजी कंपनी में ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह मेयो अस्पताल के आगे धर्मकांटा के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार पंकज कुमार और उसके दो अज्ञात साथियों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। राहगीरों की भीड़ जुटते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सिर और शरीर पर गंभीर चोटें तथा हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


