भेलसर टिकैतनगर मार्ग चौड़ीकरण को मिली स्वीकृत
Barabanki News - बाराबंकी में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा के प्रस्ताव पर शासन ने भेलसर टिकैतनगर-कोटवा धाम राजमार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है। 27 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण पर 91 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे यात्रा सुगम होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। क्षेत्रवासियों ने राज्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

बाराबंकी। खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश शर्मा के प्रस्ताव पर शासन ने भेलसर टिकैतनगर-कोटवा धाम राजमार्ग के चौड़ीकरण को हरी झंडी दे दी है। करीब 27 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए 91 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य की संस्तुति प्रदान की गई है। विदित हो कि यह राजमार्ग अब तक महज सात मीटर चौड़ा था। कम चौड़ाई के कारण आमजन को वाहन पास करने में भारी परेशानी होती थी, वहीं एक साथ दो वाहनों के गुजरने पर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। मार्ग की खराब स्थिति के चलते आए दिन हादसे भी सामने आते थे।
स्थानीय लोगों की कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने शासन को सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वीकृति प्रदान कर दी गई। यह राजमार्ग पूर्वांचल को गोंडा और बहराइच से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा आसपास के करीब 200 गांवों के हजारों लोग रोज़मर्रा की आवाजाही के लिए इसी मार्ग पर निर्भर हैं। सड़क के चौड़ा और बेहतर हो जाने से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी और व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राज्यमंत्री श्री शर्मा का आभार व्यक्त किया है। लोगों का मानना है कि उनके प्रयासों से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और आने वाले समय में यह राजमार्ग सुविधाजनक, सुरक्षित व आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



