निकायों में शत प्रतिशत हो कूड़ा उठान: डीएम
Barabanki News - बाराबंकी में डीएम शशांक त्रिपाठी ने नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने नियमित कूड़ा उठान, तालाबों की सफाई और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त निर्देश दिए। सभी नगर निकायों को स्वच्छता और विकास योजनाओं में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने की सलाह दी गई।

बाराबंकी। लोकसभागार में डीएम शशांक त्रिपाठी ने सीडीओ अन्ना सुदन, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मधुमिता सिंह सहित जिले के अन्य सम्बंधित अधिकारियों के साथ मंगलवार को नगर विकास विभाग के कार्यो की समीक्षा की। नियमित कूड़ा उठान, तालाबों की साफ सफाई व अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली और विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि नगर स्वच्छता समेत विभिन्न श्रेणियों में आने वाली रैंकिंग में जनपद की स्थिति बेहतर करने के लिए सभी निकाय गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से अपेक्षा की कि स्वच्छता के प्रत्येक बिंदु पर समयबद्ध प्रगति दर्ज हो तथा किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्ज़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण की स्थिति मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए और जुर्माना वसूला जाए। साथ ही, नगर निकायों में अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाने के निर्देश दिए। नगर निकायों में निर्माणाधीन कल्याण मंडपों की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। तालाबों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के विषय में डीएम ने कहा कि प्रत्येक निकाय अपने-अपने क्षेत्र में स्थित तालाबों पर विशेष ध्यान दे। तालाबों को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखकर इन्हें आमजन के लिए उपयोगी बनाया जाए। नगर पालिका सहित सभी नगर पंचायतों में प्रतिदिन शतप्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने के सख्त निर्देश दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




