अन्नपूर्णा भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
रामसनेही घाट के भवनियापुर खेवली गांव में अन्नपूर्णा भवन के निर्माण में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने अधोमानक सामग्री के उपयोग और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। ठेकेदार ने आरोपों को निराधार बताया है।

रामसनेहीघाट। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण में अनियमितता के आरोप सामने आने लगे हैं। क्षेत्र के भवनियापुर खेवली गांव में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन अधोमानक सामग्री के उपयोग को लेकर विवादों में घिर गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में अव्वल ईंट के स्थान पर लाल पेटी ईंट का प्रयोग किया जा रहा है, जो गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरता। इसके अलावा निर्माण में प्रयुक्त सरिया भी निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं लगाई जा रही है।
इतना ही नहीं, भवन की नींव को लेकर भी लोगों ने आपत्ति जताई है और इसे कमजोर बताते हुए भविष्य में भवन की मजबूती पर सवाल खड़े किए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह लापरवाही के साथ किया गया तो भवन की गुणवत्ता प्रभावित होगी और सरकारी धन का दुरुपयोग होगा। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।वहीं ठेकेदार का कहना है कि निर्माण कार्य पूरी तरह मानकों के अनुरूप किया जा रहा है और लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


