Barabanki News: मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद कटान रोकने में जुटा प्रशासन
Barabanki News: सूरतगंज, संवाददाता। हेतमापुर स्थित बाबा नारायण दास मंदिर के पास हो रही कटान को देखते

Barabanki News: सूरतगंज, संवाददाता। हेतमापुर स्थित बाबा नारायण दास मंदिर के पास हो रही कटान को देखते हुए मंदिर को बचाने के लिए शुक्रवार को प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सीएम ने तत्काल निर्देश देकर मंदिर को कटान से बचाने के हर संभव कार्य कराने को कहा। शनिवार की सुबह जिला प्रशासन व बाढ़ खण्ड विभाग हरकत में आ गया। डीएम ईशान प्रताप सिंह, एसपी अर्पित विजयवर्गीय बाढ़ खण्ड की टीम मौके पर पहुंच गई। एक जेसीबी व एक पोकलैंड रात को ही मौके पर पहुंच गई। भारी संख्या में श्रमिकों को लगाया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर बाढ़ खण्ड द्वारा कटान को रोकने एवं प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का अवलोकन करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
अधिशासी अभियंता बाढ़ खण्ड शशिकांत सिंह ने डीएम को सरयू नदी के कटान को नियंत्रित करने के लिए अब तक किए गए सुरक्षात्मक कार्यों एवं विभाग द्वारा निरंतर किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। डीएम ने कहा कि कटान को न्यूनतम स्तर तक सीमित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चार ट्रक बोल्डर मौके पर पहुंच गया। बांस के सांचे बनाकर बोरियों में बालू भर कटान वाले स्थल पर डाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि मंदिर की ओर हो रही कटान थमने लगी है। जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। एसडीएम रामनगर को निर्देश दिए गए हैं कि कटान से जिन ग्रामवासियों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था के लिए भूमि का चिन्हांकन करते हुए पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे उपलब्ध कराए जाएं तथा उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाते हुए आवास स्वीकृत कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।


