बिसंडा थाना क्षेत्र के निजामत पुरवा में युवक का शव जंगल में पेड़ पर फंदे के सहारे लटकता पाया गया। शव देखते ही ग्रामीणों ने उसे पहचान लिया। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे मे ले लिया है।
बेलगांव के निजामत पुरवा निवासी विकास यादव (23)मंगलवार की शाम शौंच जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की गई। लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह खेतों की तरफ निकले ग्रामीणों ने उसका शव बबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदे पर लटकते देखा। ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना उसके परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में कोहराम मच गया। मृतक के भाई अनिल कुमार ने बताया कि विकास आविवाहित था और बदौसा में ट्रक चलाने का काम करता था। बारिश होने की वजह से काम बंद पड़ा था। खुदकुशी करने के कारण की जानकारी नहीं है। थानाध्यक्ष का कहना है कि युवक ने खुदकुशी की है फिर भी मामले की जांच की जां रही है।