ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बांदाद्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग में महिला घायल

द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग में महिला घायल

द्वारचार के दौरान लाइसेंसी असलहों से की जा रही हर्ष फायरिंग में महिला गोली लगने से घायल हो गई। गोली लगते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। घायल का गुपचुप तरीके से प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया। उसकी...

द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग में महिला घायल
हिन्दुस्तान टीम,बांदाFri, 06 Dec 2019 10:38 PM
ऐप पर पढ़ें

द्वारचार के दौरान लाइसेंसी असलहों से की जा रही हर्ष फायरिंग में महिला गोली लगने से घायल हो गई। गोली लगते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। घायल का गुपचुप तरीके से प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने हर्ष फायरिंग कर रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर लाइसेंसी राइफल कब्जे में ले ली।

शहर कोतवाली क्षेत्र के खुटला मोहल्ला से बारात किरन कालेज चौराहा के नजदीक स्थित मैरिज हाउस आई थी। बैंडबाजे और डीजे पर बाराती नाचते हुए मैरिज हाउस पहुंचे। वधू पक्ष के लोगों बारातियों की अगुवाई में जुट गए। प्रवेश द्वार पर द्वारचार की रस्म पूरी की जा रही थी। बताते हैं कि इसी दौरान स्कार्पियो सवार चार व्यक्ति लाइसेंसी असलहों के साथ बारात में शामिल होने आए। शादी के जश्न में एक व्यक्ति ने लाइसेंसी राइफल से हर्ष फायरिंग करना शुरू कर दी। एक गोली द्वारचार देख रही वधू पक्ष की एक महिला के दाएं कंधे में जा लगी। गोली लगते ही बारात में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार शुरू हो गई। आनन-फानन घायल महिला को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच जानकारी मिलने पर मौके पर बलखंडी नाका चौकी प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मैरिज हाउस पहुंच गए। हर्ष फायरिंग कर रहे व्यक्ति को हिरासत में लेकर राइफल अपने कब्जे में ले ली। उधर, कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि राइफल का लाइसेंस सेवानिवृत्त फौजी आरबी सिंह के नाम दर्ज है। राइफल को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने हर्ष फायरिंग में महिला के घायल होने की बात से इनकार किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें