लाखों खर्च, फिर भी टॉर्च की रोशनी में इलाज
Banda News - बांदा के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर कमी का खुलासा करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में स्वास्थ्यकर्मी टॉर्च की रोशनी में मरीज का इलाज करते दिखाई दे रहे हैं। अस्पताल के अधिकारियों ने समस्या की पुष्टि की है और जांच जारी है।

बांदा। सरकारी अस्पतालों पर करोड़ों रुपये खर्च होने के दावों के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खोलते कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह वीडियो नरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 10 मार्च के बताए जा रहे हैं। इन वीडियो में स्वास्थ्यकर्मी टॉर्च की रोशनी में मरीज का इलाज करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बता दें कि इससे पहले भी सीएचसी में कई बार जनरेटर खराब होने की समस्या सामने आ चुकी है। वायरल वीडियो में एक मरीज स्ट्रेचर पर लेटा है। इस दौरान टार्च की रोशनी में स्वास्थ्य कर्मी उसे देख रहे हैं।
एमओआईसी विकास का कहना है कि सात मार्च को जनरेटर में दिक्कत आई थी, जिसे ठीक करा दिया गया था। नौ मार्च को जनरेटर दोबारा से लोड नहीं ले रहा था। मिस्त्री द्वारा अधिक काम बताए जाने पर बजट के बाहर सीएमओ को पत्र भेजा गया है। दस मार्च को एक बजे से लाइट कट गई थी। शाम 6 बजे एक मरीज आया था। इन्वर्टर का बैकअप है, पर उस दिन वह तब तक डिस्चार्ज हो गया था। इसी दौरान टार्च की रोशनी में मरीज का इलाज किया गया था। सीएमओ विजेंद्र सिंह ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में है। जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


