Banda News: नाली के पानी निकासी के विवाद में फायरिंग, युवक की जांघ में लगी गोली
Banda News: बांदा के फफूंदी गांव में पानी की निकासी को लेकर विवाद के चलते मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। युवक उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। मामले में विवाद घर के पानी निकासी की नाली पर था।

Banda News: बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के फफूंदी गांव में घर के पानी की निकासी को लेकर चल रहे विवाद में मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ग्राम फफूंदी निवासी सन्तू कुशवाहा ने मंगलवार को भोर पहर में थाना बबेरू में तहरीर दी। आरोप है कि सोमवार रात करीब 10 बजे उसका छोटा भाई 56 वर्षीय रमेश शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। सन्तू के पुत्र 40 वर्षीय उमाशंकर ने गाली-गलौज करने से मना किया तो रमेश ने अपने पुत्रों 35 वर्षीय रामू, 33 वर्षीय सीमू और 32 वर्षीय चुक्कू के साथ मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे सन्तू और उसकी बहू संगीता के साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान आरोप है कि चुक्कू ने अवैध असलहे से उमाशंकर पर फायर कर दिया। गोली उमाशंकर की जांघ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल उमाशंकर को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। बबेरू थाना प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी रमेश, रामू, सीमू और चुक्कू के खिलाफ धारा 352, 351(2) और 109 तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह घर के पानी की निकासी वाली नाली को लेकर दोनों पक्षों के बीच चल रहा विवाद सामने आया है।


