
ग्राम नांदादेव में जलभराव और टूटी पाइपलाइनों से ग्रामीण परेशान
Banda News - बांदा। संवाददाता नमामि गंगे योजना के तहत ग्राम पंचायत नांदादेव में बनी पानी
बांदा। संवाददाता नमामि गंगे योजना के तहत ग्राम पंचायत नांदादेव में बनी पानी की टंकी से जुड़ी पाइप लाइनों की खराब स्थिति और जलभराव से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर भारतीय समाज सेवा संगठन और ग्रामवासियों ने एसडीएम अंकित वर्मा पैलानी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। संगठन के संरक्षक अकिल पाल और अध्यक्ष पवन कुशवाहा ने बताया गया कि गांव में बनी सरकारी पानी की टंकी से करीब 90 प्रतिशत घरों में जल आपूर्ति की जाती है, लेकिन पाइपलाइन कई जगहों पर टूटी हुई है। इससे पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पा रहा और जगह-जगह लीकेज के कारण सड़कों पर जलभराव हो रहा है।

लोगों को आवागमन में कठिनाई और गंदगी के चलते बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बताया गया कि गांव के 10 प्रतिशत घरों में अभी तक पाइपलाइन नहीं डाली गई है, जिससे वहां के निवासी जल संकट से जूझ रहे हैं। इसके अलावा टूटी सड़कों और गड्ढों में भर रहे पानी से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जेई रमेश गुप्ता और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार लोकेन्द्र सिंह चंदेल व बृजेश सिंह चौहान से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान हरिनारायण, ध्रुव कुमार साहू, अनिल कुमार, कपिल सागर, शिवशंकर निषाद, नरेन्द्र कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




