
सात से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत वाया बांदा होकर चलेगी
संक्षेप: Banda News - बांदा। वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सात नवंबर से दौड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन बांदा को वाराणसी से जोड़कर पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देगी। ट्रेन का शेड्यूल रेलवे मंत्रालय ने जारी किया है, जिससे यात्रा समय में सुधार होगा।
बांदा। वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सात नवंबर से पटरी पर दौड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात नवंबर को बनारस स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। पहली बार यह बनारस से बांदा सात नवंबर को पहुंचेगी। रेलवे अधिकारी इसकी तैयारी में लगे हैं। जिलेवासी भी वंदे भारत के स्वागत को तैयार हैं। वाराणसी-खजुराहो वाया बांदा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन से जिले की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। वाराणसी और खजुराहो के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस का शेड्यूल शुक्रवार की रात रेलवे मंत्रालय ने जारी कर दिया है। खास यह है कि ट्रेन का उद्घाटन बनारस (मंडुआडीह) स्टेशन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद करेंगे।

इसके पहले वर्ष 2022 में उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का भी उद्घाटन किया था। गाड़ी संख्या 26422 वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 5.25 बजे कैंट स्टेशन से प्रस्थान करेगी। विंध्याचल स्टेशन पर सुबह 6.55 बजे आगमन होगा। प्रयागराज छिवकी: सुबह आठ बजे गुजरेगी। चित्रकूट धाम पर सुबह 10.05 बजे आगमन होगा। बांदा स्टेशन पर सुबह 11.08 बजे आएगी। महोबा स्टेशन पर दोपहर 12.08 बजे आगमन होगा। दोपहर 1.10 बजे खजुराहो स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में 26421 वंदे भारत एक्सप्रेस खजुराहो से दोपहर 3.20 बजे रवाना होकर महोबा से शाम 4.18 बजे, बांदा से शाम 5.13 बजे, चित्रकूट धाम से शाम 6.13 बजे, प्रयागराज छिवकी से रात 8.20 बजे, विंध्याचल से रात 9.10 बजे होते हुए वाराणसी रात 11 बजे पहुंचेगी। जनपदवासियों में खुशी, स्वागत की तैयारी: उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सेठ भोलू ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जनपदवासियों के लिए सौगात से कम नहीं है। वाराणसी जाने के लिए अभी बुंदेलखंड एक्सप्रेस ही सहारा है। अब वंदे भारत से जिलेवासी वाराणसी का सफर पांच से छह घंटे में पूरा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिलेवासी वंदेभारत ट्रेन का सात नवंबर को रेलवे स्टेशन बांदा में स्वागत करेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




