कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार सौ मीटर घसीटा, दोनों की गई जान
नरैनी कोतवाली क्षेत्र में खजुराहो हाईवे पर बाइक सवार दो दोस्तों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक कार में फंसकर 100 मीटर तक घिसट गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार चालक फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नरैनी/बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के मुकेरा गांव के पास खजुराहो हाईवे पर रात दस बजे बाइक सवार दो दोस्तों तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक कार में फंसकर 100 मीटर तक घसीटते चले गए, इससे मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस एक घंटे बाद घटना स्थल पर पहुंची और दोनों को सीएचसी ले गई। यहां डाक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस की सूचना पर सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे। सीमावर्ती छतरपुर जिले के गौहानी गांव निवासी 40 वर्षीय रमेश पुत्र छोटे गांव के ही 35 वर्षीय दोस्त मुलायम पुत्र जालंधर प्रजापति के साथ बाइक पर नरैनी के बरकोला कला गांव में रिश्ते के चाचा के यहां शादी कार्यक्रम के बाद रात में दस बजे दोनों गौहानी लौट रहे थे।
जब दोनों नरैनी-खजुराहो हाईवे पर मुकेरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों कार में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। रात में वहां से गुजरे कुछ राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद करतल चौकी इंचार्ज सूबेदार बिंद मौके पर पहुंचे और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी लाए। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे और शराब के नशे में भी बताए गए। रमेश के चाचा बाबू ने बताया कि भाई अजय उर्फ बबलू की 30 अप्रैल को शादी है। उसी शादी के कार्ड भी वह बांट रहा था। तीन भाई व चार बहनों में रमेश सबसे बड़ा और विवाहित था। उसके एक छह वर्ष का बेटा भी है। हादसे के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सूचना पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


