Banda News: ट्रक से कुचल कर सब्जी विक्रेता की मौत, लगाया जाम
Banda News: गिरवां थाना क्षेत्र में सब्जी विक्रेता को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया, जो करीब दो घंटे तक चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

Banda News: गिरवां। गिरवां थाना क्षेत्र में नरैनी बांदा मार्ग पर थाने से 300 मीटर दूर सब्जी बेंचकर पैदल घर जा रहे सब्जी विक्रेता को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे परिजनो और ग्रामीणों ने मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा।
पुलिस की कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस और उच्चाधिकारियों के समझाने पर जाम खोला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी की तहरीर दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरवां थाना क्षेत्र के पिथौराबाद निवासी राजकुमार ने बताया कि उसका 40 वर्षीय चचेरा भाई गनेश उर्फ लालाराम पुत्र रामऔतार गिरवां में सब्जी बेचता था। वह बुधवार रात दुकान बंद करने के बाद पैदल घर जा रहा था। जैसे ही गिरवां थाने के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रक चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों की मांग
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच मुआवजा की मांग और कार्रवाई को लेकर जाम लगा दिया। जाम करीब दो घंटे तक लगा रहा। पुलिसकार्मियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन नहीं माने। इसी बीच दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम और हंगामें की सूचना पर पहुंचे पुलिस के उच्चाधियों और एसडीएम अंजनी यादव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। चचेरे भाई ने बताया कि गनेश अपने पिता की इकलौती संतान था। मृतक अपने पीछे पत्नी कमला के अलावा तीन बेटी एक बेटा छोड़ गया। गिरवां थाना प्रभारी सुरेश सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी की तहरीर पर दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है।
---------------
इनसेट
नो एंट्री लगाने के लिए एसडीएम को दिया ज्ञापन
ग्रामीणों की चेतावनी
बांदा। हादसे के बाद सड़क पर जाम लगाए ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देते हुए बताया कि सुबह 06 बजे से रात 10 बजे तक नो एंट्री लागू की जाय। कहा कि खत्री पहाड़ से गिरवा के बीच कई स्कूल हैं, जहां बच्चों का आवागमन होता है। खत्री पहाड़ में देवी दर्शन करने और क्षेत्रीय किसान दिन भर अपने खेतों में आते जाते हैं। ट्रकों के आवागमन से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। एसडीएम ने अधिकारियों को अवगत कराने का भरोसा दिया है।

