Banda News: मकान निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत
Banda News: बांदा में एक नौ वर्षीय बच्ची शिक्षा देवी की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मां के अनुसार, पड़ोसी द्वारा गड्ढा खोदे जाने के कारण यह हादसा हुआ। बच्ची को खेलने के दौरान गड्ढे में गिरने के बाद परिजन और ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह जिंदगी नहीं बचा सके।

Banda News: बांदा। मकान निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भरने से मासूम की डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी अवधेश कुमार की नौ वर्षीय पुत्री शिक्षा देवी सोमवार की दोपहर दो बजे गांव स्थित कोचिंग संचालक विमल के यहां पढ़ने गई थी। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे अन्य बच्चों के साथ कोचिंग से घर वापस लौटी। तभी घर पर कॉपी रख मोहल्ले के अन्य दोस्तों के साथ घर से पांच सौ मीटर दूरी पर खेलने चली गई। मां रन्नु ने बताया कि बीते वर्ष पड़ोसी कल्लू प्रजापति ने अपने खेत से खुदाई करा मिट्टी निकाल मकान का निर्माण व पुराई कराई थी।
इससे खेत पर बने गहरा गड्ढा बारिश होने से भर गया था। यहां खेलने के दौरान ही देर शाम किशोरी का पैर फिसल जाने से गहरे गड्ढे में गिर डूब गई। तभी अन्य बच्चों ने शिक्षा को गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबते देख शोर मचाया और साथ खेल रहे मनीष ने घर पहुंच घटना की जानकारी परिजनों को दी। तत्काल परिजन व ग्रामीणों ने पहुंच गड्ढे पर किशोरी की खोजबीन शुरू की। आधे घंटे तक खोजबीन करने के बाद किशोरी को स्थानीय नंदू ने बाहर निकाला। परिजनों ने निजी वाहन से बबेरू सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


