Banda News: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर
Banda News: बांदा में गिरवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो बाइकों की भिड़ंत में 20 वर्षीय अंकित की मौत हो गई। अंकित और अनिल अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अंकित की मौत हुई।

Banda News: बांदा, संवाददाता। गिरवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। गिरवां थाना क्षेत्र के गांव मुरवां निवासी बराती ने बताया कि उनका इकलौता बेटा 20 वर्षीय अंकित अपने पारिवारिक भाई 20 वर्षीय अनिल के साथ अपनी बहन के घर नरैनी गए थे। वहां से वह राखी बंधवाकर वापस अपने घर आ रहे थे। बाइक अंकित चला रहे थे। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा नहर के पास शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सामने से आई दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हेलमेट न लगाए होने के चलते अंकित के सिर में गंभीर चोट आईं थीं। जानकारी लगने पर पुलिस ने अंकित व अनिल और दूसरी बाइक में सवार घायल मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के गांव कोदई निवासी 22 वर्षीय ऋतु ,26 वर्षीय तुलसीदास व छतरपुर के लहरा निवासी 65 वर्षीय कल्लू को नरैनी सीएचसी पहुंचाया। यहां से सभी को इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें अंकित की रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। अंकित चार बहनों में इकलौता भाई था। वह मजदूरी करता था। पिता बराती भी खेतिहर मजदूर हैं। घर में मां माया हैं। गिरवां थाना इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि नरैनी कोतवाली क्षेत्र में हादसा हुआ था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।


