पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर, आंधी से बदला मौसम
बांदा। वरिष्ठ संवाददाता तेज आंधी को लेकर मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान सटीक रहा।...
बांदा। वरिष्ठ संवाददाता
तेज आंधी को लेकर मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान सटीक रहा। शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के बाद शाम होते ही अचानक मौसम बदल गया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज आंधी आई। आंधी से शहरभर में कई जगह होर्डिंग्स आदि हवा में में उड़ गईं। कुछ जगह पेड़ की टहनियां भी टूटकर गिरने की सूचना रही। बिजली भी गरजी। लेकिन पानी नहीं बरसा।
कृषि विवि में मौसम विभाग के प्रभारी डॉ.दिनेश शाह ने बताया कि दिन का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बताया कि दो दिन पहले जिले में हुई रिमझिम बारिश से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अभी एक-दो दिन मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है। मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर पर बने निम्न हवा के दबाव के कारण हो रहा है। इसका व्यापक रूप से असर पश्चिमी राज्यों और तटवर्तीय इलाके में देखा जा सकता है। आसमान में आंशिक बदल छाये रहेंगे। तापमान माह के सामान्य तापमान अधिकतम 43 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने लगेगा। इस वर्ष के पूर्व अनुमान के मुताबिक मानसून सामान्य रहने के आसार हैं। वहीं, शाम आई तेज आंधी से जिले में कई जगह बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। कुछ समय के लिए बिजली काट दी गई।