Banda News: 10 जनवरी से पहले बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर लगेंगे स्पीड और एनपीआर कैमरे
Banda News: बांदा। मंडल में सड़क दुर्घटनाओं और हादसों में मृतकों व घायलों की संख्या में पिछले
Banda News: बांदा। मंडल में सड़क दुर्घटनाओं और हादसों में मृतकों व घायलों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में कमी आई है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रवर्तन कार्रवाई और जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त अजीत कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की तृतीय बैठक हुई। बैठक में मंडलायुक्त ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर स्पीड कैमरे और एनपीआर कैमरे लगाने की कार्रवाई 10 जनवरी से पहले पूरी कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंडल के चारों जिलों में चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर सुधारात्मक कार्य कराने और संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने को कहा गया।
एनएचएआई को कबरई-महोबा मार्ग की खराब स्थिति शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। विद्यालय वाहनों की फिटनेस और परमिट की नियमित जांच कराने पर जोर दिया गया। फिटनेस या परमिट समाप्त विद्यालय वाहन संचालित नहीं किए जाएंगे। प्रत्येक वाहन में परिचर की मौजूदगी अनिवार्य होगी। बालिका के वाहन में महिला परिचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा समितियां गठित कर नियमित बैठक कराने के निर्देश दिए गए। परिवहन निगम के चालकों का नियमित स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण कराने तथा डिपो और मार्ग पर ब्रेथ एनालाइजर से नशे की जांच कराने को कहा गया। फिटनेस समाप्त एंबुलेंस का तत्काल फिटनेस कराने और कंडम एंबुलेंस का पंजीयन निरस्त कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करने, सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने वाले गुड सेमेरिटन को चिन्हित कर सम्मान के लिए संस्तुति भेजने तथा निरुद्ध वाहनों के लिए डिटेंशन यार्ड की भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आरटीओ, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, एनएचएआई, यूपीडा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बस यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

