दिन में तपिश, शाम को गरज के साथ चली आंधी
Banda News - बांदा में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप के बाद शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे सड़कें धूल और कचरे से पट गईं और कई जगह बिजली के तार टूट गए। इससे पूरा शहर अंधेरे में चला गया। किसानों की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

बांदा। जनपद में मंगलवार शाम एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दिन में तेज धूप व तपिश रही तो शाम छह बजे के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे धूल व कचरे के गुबार से सड़कें पट गईं और कई जगह टीन टप्पर उड़े तथा बिजली के तार टूटे। इससे पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। वहीं किसानों की मुश्किलें भी और बढ़ गईं। जनपद में दो दिन पहले आए तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान से किसान अभी उबर भी नहीं पाए थे कि एक बार फिर मौसम की मार झेलनी पड़ी। मंगलवार को सुबह से तेज धूप रही और तापमान बढ़ने से गर्मी में इजाफा हो गया।
वहीं शाम छह बजे के करीब 40 किलोमीटर की गति से तेज हवा चली। बादलों की तेज गरज के साथ छीटे पड़े। करीब आधा घंटा तक यह सिलसिला चला। इसके बाद देर शाम तक बादल छाए रहे और आसमान में बिजली कड़कती रही। तेज हवाओं ने हालात और बिगाड़ दिए। हवाओं के चलते झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा और सन्नाटा सा छा गया। बारिश के चलते खेतों में खड़ी गेहूं व चना की फसल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ.दिनेश शाह ने बताया कि बुंदेलखंड में अभी पश्चिम विक्षोभ का असर है। दो-तीन दिन तक ऐसा मौसम रहने की संभावना है। गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना ज्यादा है। मौसम खराब होने पर लोग खेत में न रहें। खासकर पेड़ों के नीचे न ठहरें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


