नौतपा के पहले ही दिन तपिश से धधक उठी धरती

हिन्दुस्तान, बांदा
Follow us on Google News
share

बांदा में नौतपा के पहले दिन तेज धूप और लू के कारण तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। सुबह से ही गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। गांवों से लेकर शहरों तक लोग राहत की दुआ कर रहे हैं। अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

नौतपा के पहले ही दिन तपिश से धधक उठी धरती

बांदा। जनपद में नौतपा के पहले दिन धरती तवे की तरह धधकती रही। तेज धूप में सुबह से ही आसमान में अंगारे बरसते रहे। चिलचिलाती धूप और लू की वजह से सुबह आठ बजे से ही गर्मी प्रचंड हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 47.6 व न्यूनतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अगले दो दिन तक प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। जनपद में नौतपा में प्रचंड गर्मी कहर बरपा रही है। सोमवार को पूरा जनपद भीषण गर्मी की चपेट में रहा। गर्मी से कराह रहे गांव से लेकर शहर तक के लोग बदली व बूंदाबादी की दुआएं कर रहे हैं।

इंसान से ज्यादा इस भीषण गर्मी में पशु-पक्षी बेहाल हो रहे हैं। सुबह से गर्मी ने जमककर अपने तेवर दिखाए। शरीर को चुभती तेज धूप ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। सार्वजनिक स्थल हों या बाजार दोपहर में लोगों की भीड़ गायब रही। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख चौराहों पर गर्मी से बचने के लिए लोग कुल्फी, खीरा, नींबू-पानी, जूस और खरबूजा आदि खाते नजर आए। बाजार में भीषण गर्मी की वजह से गिने-चुने लोग ही निकले। सड़कों के किनारे फुटपाथ पर सब्जी लगाने वाली महिलाएं ग्राहकों का इंतजार करती रहीं। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ.दिनेश शाह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 47.6और न्यूनतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में एक-एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई है। सुबह आसमान में बदली नजर आई और हवा का रूख भी बदल रहा है, पर अभी सप्ताह भर इसी तरह की भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।