
पूरे दिन नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन, शीतलहर से कांपा जिला
Banda News - बांदा। संवाददाता जनपद में इस समय दो दिन से पूरा जिला भीषण शीतलहर की
बांदा। संवाददाता जनपद में इस समय दो दिन से पूरा जिला भीषण शीतलहर की चपेट में है। पश्चिमी विक्षोभ व पहाड़ों में हो रही बर्फवारी के कारण सर्द हवाएं लोगों को कांपने पर मजबूर कर रही हैं। दो दिन से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो रहे हैं। इससे लोग सर्दी से बचने के लिए कहीं अलाव तो कहीं रजाई का सहारा ले रहे हैं। सर्दी के कारण बाजार में सन्नाटा है और छोटे व रोज खाने कमाने वाले दुकानदारों का रोजगार मंद पड़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी सप्ताह भर कोहरे व सर्दी से राहत की संभावना नहीं है।
शनिवार को अधिकतम 14 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। शनिवार को सुबह आसमान में घना कोहरा छाया रहा। इसके बाद पूरे दिन धुंध व बदली छाई रही। इससे सूर्यदेव की झलक पूरे दिन नहीं मिली। शुक्रवार को भी पूरे दिन सर्द हवाएं चलीं और धूप नहीं निकली। भीषण सर्दी व सर्द हवाओं के चलते लोग घरों में कैद रहे। सरकारी कार्यालय हों या रोडवेज व रेलवे स्टेशन, बाजार सभी जगह सर्दी का असर दिख रहा है। यहां इक्का-दुक्का लोग ही जरूरी काम से निकल रहे हैं। सर्दी खासकर बच्चों व बुजुर्गों पर भारी पड़ रही है। सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार की चपेट में आकर अस्पताल जा रहे हैं। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ.दिनेश साह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ व पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण सर्दी का असर बुंदेलखंड में बढ़ रहा है। जनवरी के प्रथम सप्ताह में उत्तर पश्चिम की बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। कोहरा का असर भी सप्ताह भर रह सकता है। उन्होंने कहा कि शीतलहर को लेकर सावधानी बरतें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




