
खेल प्रेमियों में निराशा, राइफल क्लब मैदान व्यावसायिक भूमि
Banda News - बांदा में राइफल क्लब मैदान को व्यावसायिक उपयोग में बदल दिया गया है, जिससे खेल प्रेमियों और राजनेताओं ने धरना दिया। 8825 वर्ग मीटर की भूमि में से आधी पर काम्प्लेक्स बनेगा। यह मैदान 90 के दशक से खेलकूद गतिविधियों के लिए उपयोग में था। नीलामी प्रक्रिया भी निरस्त कर दी गई है।
बांदा। राइफल क्लब मैदान को लेकर शासन ने बीते अप्रैल माह में ही पार्क व खेल मैदान के स्थान पर व्यवसायिक कर दिया था। अब पार्क की 8,825 वर्ग मीटर भूमि में से आधे में काम्प्लेक्स ही बनेगा। बबेरू से सपा विधायक विशंभर यादव के नियम-51 के तहत मांगी गई सूचना में शासन ने यह जानकारी दी है। वहीं इस मैदान को बचाने के लिए खेल प्रेमियों और राजनेताओं ने धरना दिया था। राइफल क्लब मैदान का उपयोग 90 के दशक से ही खेलकूद गतिविधियों के लिए होता रहा है। मंडल मुख्यालय के एकमात्र खेल मैदान को विकास प्राधिकरण ने निर्धारित 13.35 लाख रुपये जमा कर राइफल क्लब मैदान की 8825 वर्ग मीटर जमीन को अपने नाम फ्रीहोल्ड करा लिया।
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने सपा विधायक विशंभर सिंह की सदन से मांगी सूचना का जवाब देते हुए कहा कि नगर पालिका ने इस नजूल लैंड को 16 नवंबर 1995 को विकास प्राधिकरण को दे दिया था। 10 मार्च 1998 को बीडीए के पक्ष में विक्रय विलेख तैयार किया गया। इस भूमि में 1350 वर्ग मीटर में आवासीय भवन, दो हजार वर्ग मीटर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व 4482 वर्ग मीटर में चिल्ड्रेन पार्क, प्ले ग्राउंड, शौचालय व रास्ता बनाने की शर्त थी। लेकिन छह जनवरी 2000 को शासन ने 8826.7 वर्ग मीटर भूमि में से 984 वर्ग मीटर को व्यवसायिक कर दिया। 15 अप्रैल 2025 को महायोजना-2031 की स्वीकृति दी गई, जिसमें रायफल क्लब का भूपयोग पार्क व क्रीड़ा स्थल की जगह व्यवसायिक कर दिया। बीडीए बोर्ड बैठक में मानचित्र व ले-आउट स्वीकृत किया। 21 जनवरी को नीलामी होनी थी, पर कोई आवेदन प्राप्त न होने से नीलामी प्रक्रिया निरस्त की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




