गणित ने छुड़ाया पसीना, हिंदी के प्रश्नों में मिली राहत
बांदा में पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन हीटवेव और तेज धूप ने परीक्षार्थियों को परेशान कर दिया। 7296 में से 1833 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में एआई तकनीक और सीसीटीवी निगरानी का उपयोग किया गया। हिंदी प्रश्न आसान रहे, पर मैथ ने थोड़ा उलझाया। पुलिस प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया।
बांदा, संवाददाता। पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे व अंतिम दिन हीटवेव और आग बरसाती धूप ने अभ्यर्थियों की हालत खराब कर दी। दो पालियों में हुई परीक्षा में सभी आठ केंद्रों पर एआई तकनीक से खुद अधिकारियों ने निगाह रखी। मुख्य से लेकर कक्ष तक में पांच बार सघन तलाशी के साथ जूते मोजे उतराकर परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया। तीसरे दिन की परीक्षा में दोनों पालियों में पंजीकृत 7296 में 1833 परीक्षार्थी नहीं पहुंच पाए। नकल विहीन परीक्षा के लिए गेट से लेकर अंदर तक बेहद सख्ती रही। परीक्षार्थियों ने बताया कि मैथ के प्रश्नों ने थोड़ा बहुत उलझाया, पर हिंदी के प्रश्न ने राहत दी।
जिले में तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा के दौरान स्थिति
बुधवार को परीक्षा के अंतिम व तीसरे दिन सूरज की भीषण तपिश और लू चलने से परीक्षार्थी काफी विचलित व परेशान दिखे, पर उनके अंदर सिपाही बनने का भी गजब का उत्साह झलका। पंडित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज में प्रथम पाली पंजीकृत 480 परीक्षार्थी अभिभावकों के साथ परीक्षा के समय पहुंचे तो मुख्य मार्ग पर जाम की नौबत आ गई, पर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने जाम खत्म कराया। कॉलेज के बाहर पेड़ों की छांव होने से परीक्षार्थियों को गर्मी में काफी राहत रही। वहीं डीएवी, खानकाह, नगर पालिका कॉलेज के बाहर परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों को दुकानों का सहारा लेना पड़ा। सुबह की पाली में 10 से 12 बजे की परीक्षा में पंजीकृत 3648 अभ्यर्थियों में 930 अनुपस्थित रहे। जबकि 2718 परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली में तीन से पांच बजे के बीच पंजीकृत 3648 अभ्यर्थियों में 903 अनुपस्थित हुए और 2745 ने परीक्षा दी। परीक्षा के पूर्व मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। इसके बाद दो जगह अंदर भी परीक्षार्थियों को तलाशी देनी पड़ी। सुबह साढ़े नौ बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। उधर, पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम से अधिकारियों ने एआई और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की।
परीक्षा का समापन
तीन दिवसीय परीक्षा सकुशल व शांति पूर्ण माहौल में निपट जाने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। उधर, परीक्षार्थयों ने बताया कि परीक्षा में 150 प्रश्नों के लिए 120 का समय मिला। बहु विकल्पीय प्रश्नों में सही उत्तर पर टिक लगाना था। काफी रोचक प्रश्नों के साथ हिंदी का पेपर अच्छा गया है। जबकि मैथ व समसामायिक प्रश्नों ने कुछ उलझाया।
----------------
पाली पंजीकृत अनुपस्थित उपस्थित
प्रथम पाली - 3648 930 2718
द्वितीय पाली - 3648 903 2745
------------------------
एडीजी जोन ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
बांदा। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम राजेश एस व पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के साथ डीएवी समेत विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं को देखा। पुलिस अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।


