13 साल पहले पुलिसकर्मियों की आंख में मिर्च झोंक रायफल लूटने वाला एक लाख का इनामी गिरफ्तार
Banda News - बांदा में 13 साल से फरार एक लाख के इनामिया बदमाश संदीप को मटौंध थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उसे गोली लगी। उसके पास से तमंचा, कारतूस और पैसे बरामद हुए हैं।
बांदा। 13 साल पहले चित्रकूट से पेशी के बाद वापस लौटते समय पुलिस कर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर राइफल लूटकर फरार होने वाले एक लाख के इनामिया बदमाश को मटौंध थाना पुलिस एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी है उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी बदमाश के पास से तमंचा, दो कारतूस, दो खोखा और 1140 रुपए बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि शुक्रवार रात को थाना मटौंध पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम भूरागढ़ बाईपास थाना मटौंध क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।मुखबिर
से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति तमंचा लिए सोना खदान के पास बैठकर शराब पी रहा है। पुलिस टीम ने घेराबन्दी कर पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसके द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया, आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया । उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में अपना नाम 49 वर्षीय संदीप पुत्र शिव अवतार निवासी ग्राम खोह थाना कोतवाली कर्वी बताया। बदमाश 08 अगस्त 2012 को न्यायालय कर्वी से पेशी के बाद जिला कारागार बांदा ले जाते समय पुलिस अभिरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर राइफल लूटकर फरार हो गया था। जिसके बाद थाना अतर्रा में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पिछले 13 साल से अधिक वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था । बदमाश नाम बदलकर चकमा दे रहा था। उसने अपना नाम पंकज रख लिया था। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मटौंध संदीप कुमार, एसओजी प्रभारी आनन्द सिंह, भूरागढ़ चौकी प्रभारी दारा सिंह और सिपाही मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




