Banda News: दिन में उमस, देर शाम में हुई झमाझम बारिश, हुआ जलभराव
Banda News: बांदा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भारी बारिश हुई। दिन में उमस भरी गर्मी के बाद शाम को झमाझम बारिश हुई, जिससे सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने अगले दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया, जिसमें हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई।
Banda News: बांदा। जनपद में गुरुवार को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम के दौरान मेघों ने मेहबरानी दिखाई। पूरे दिन बादलों के बीच उमस भरी गर्मी रही। शाम को सात बजे के बाद अचानक मौसम बदला और काले घने बादल आसमान में छाए। कुछ ही देर बाद झूमकर बारिश हुई। आधा घंटे तक करीब 66 मिलीमीटर वर्षा हुई। एक तरफ बारिश से जहां मौसम खुशगवार हो गया है, वहीं शहर की सूखी सड़कों व गलियों में जलभराव व कीचड़ हो गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी जनपद में कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। जनपद में विलंब से जुलाई के पहले सप्ताह में पहुंचे मानसून अभी तो बुंदेलियों पर खूब मेहरबान दिख रहा है।
पिछले तीन दिनों में जनपद में करीब 120 मिलीमीटर वर्षा होने से तवे की तरह धधक रही धरती पानी-पानी नजर आने लगी है। गुरुवार को सुबह से आसमान में बादल तो छाए पर बूंदाबादी तक नहीं हुई। बीच-बीच में बदली के साथ धूप निकली तो उमस ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थी। लोगों का कहना था कि बारिश होगी तो कैसे उनकी जनसभा होगी, लेकिन मेघ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समय मेहरबान रहे और पूरे दिन वर्षा नहीं हुई। शाम को अचानक तेज गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब एक घंटे की बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। गर्मी से बड़ी राहत मिली। लेकिन सूख चुकी शहर व गांवों की सड़कें फिर कीचड़ व जलभराव से लैस हो गईं। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डा.दिनेश शाह ने बताया कि गुरुवार को देर शाम करीब 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए अलर्ट जारी किया है। जनपद में हलकी से भारी वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने लोगों से आकाशीय बिजली आदि से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।


