दोपहर को आसमान से बरसे अंगारे, शाम को तेज आंधी ने दी राहत
बांदा जनपद में हीटवेव और लू का प्रकोप जारी है। सोमवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप से राहगीरों को परेशानी हुई और उन्होंने छांव में शरण ली। शाम को धूल भरी आंधी ने थोड़ी राहत दी, लेकिन गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।

बांदा। जनपद में फिर हीटवेव और लू की स्थिति बन रही है। सोमवार को सुबह से ही आसमान से अंगारे बरसे और तेज धूप से धरती तप उठी। लू के थपेड़ों से राहगीर विचलित हुए और छांव तलाशी। नींबू पानी और गन्ने का जूस पीकर गर्मी से बचने का प्रयास किया। शाम को छह बजे धूल भरी आंधी चलने से गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम में नमी कम होने के कारण गर्मी प्रचंड हो रही है। गर्मी अब फिर प्रचंड हो रही है।
सोमवार को पूरा जनपद भीषण गर्मी व लू की चपेट में रहा। सुबह सात बजे से ही शरीर को झुलसाने वाली धूप निकली। हालांकि बीच-बीच बदली राहत देती रही। दोपहर में 12 बजे के बाद 12 किलोमीटर की गति से चले लू के थपेड़ों व तपती धरती ने राहगीरों के लिए मुश्किलें पैदा की। अंगौछे से पूरा सिर ढककर निकले बाइक सवार व पैदल राहगीर भीषण तपन में कराहते नजर आए। चिलचिलाती धूप व गर्मी की वजह से दोपहर में सार्वजनिक स्थलों व बाजार में लोगों की आमद कम रही। शाम को छह बजे तक लू और गर्मी ने सताया। इसके बाद धूल भरी आंधी चली तो लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि कुछ देर बाद फिर गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डा.दिनेश शाह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दोनों सामान्य हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार व बुधवार को भी तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी, पर तेज हवाएं व बदली राहत दे सकती हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


